कमल हासन ने मनाया 61वां जन्मदिन

0
388

अभिनेता कमल हासन आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने चार दशक के लंबे फिल्मी करियर में कमल हासन ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम कर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। हालांकि, करियर की शुरूआत में उन्हें वह दिन भी देखना पड़ा था जब एक फिल्म निर्देशक ने उनसे यहां तक कह दिया था कि उनमें अभिनय क्षमता ही नहीं है। कमल हासन का जन्म 7 नवंबर 1954 को तमिलनाडु के परमकुडी में हुआ था। उनके पिता चाहते थे कि उनके तीनों बच्चों में से कम से कम एक बच्चा अभिनेता बने। अपनी इसी चाहत को पूरा करने के लिए उन्होंने कमल हासन को अभिनेता बनाने का निश्चय किया।

कमल हासन ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत छह साल की उम्र से ही कर दी थी। सन् 1960 में प्रदर्शित फिल्म ‘कलाथुर कनम्मा’ में उन्होंने बतौर एक बाल कलाकार काम किया था। जिसके लिए बाद उन्हें सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में बतौर बाल कलाकार काम किया।

kamal-haasan

साल 1977 में प्रदर्शित फिल्म 16 भयानिथनिले की व्यावसायिक सफलता के बाद कमल हासन एक स्टार बन गए। कमल हासन ने साल 1981 के बाद से हिंदी फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। साल 1982 में उन्हें तमिल फिल्म ‘मुंदरम पिरई’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कमल हासन केवल एक सफल अभिनेता ही नहीं, वह एक सफल गायक, निर्देशक, पटकथा लेखक, गीतकार नृत्य निर्देशक, पटकथा और गीत लेखक और नृत्य निर्देशक भी हैं। साल 1981 में कमल हासन ने निर्माता के रूप में राजा पारवई फिल्म का निर्माण किया। इसके बाद उन्होंने अपूर्व सहोदरगल (1988) थेवर मगन (1992), चाची 420 (1998), हे राम (2000) और मुंबई एक्सप्रेस (2005) का भी निर्माण किया। उन्होंने कई फिल्मों की कहानी भी लिखी है। इनमें विरासत (1997) और बीबी नंबर वन (1999) प्रमुख हैं।

कमल हासन अभिनय के क्षेत्र में भी काफी बदलाव लेकर आए हैं। साल 2008 में कमल हासन की फिल्म दशावतारम प्रदर्शित हुई, जिसमें उन्होंने दस अलग- अलग भूमिकाएं निभाकर दर्शकों को आश्चर्यचकित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here