लड़की ने की गाय बनने की मांग, कहा बचाने वाले तो मिलेंगे

0
431
Funny news

 

माना जा रहा है आजकल यदि समाज में सबसे सुरक्षित कोई है तो वह गाय ही है, हाल ही में एक लड़की ने भी इसी के तहत खुद को गाय बनाने की मांग डॉक्टरों से कर सभी को चौंका दिया है। असल में हुआ यह था कि कुछ समय पहले सिक्किम की एक लड़की के साथ में चलती गाड़ी में रेप का मामला सामने आया था। इस मामले के मीडिया में आते ही दिल्ली और गुरुग्राम में पढ़ने और जॉब करने वाली लड़कियों में एक अनजान भय पैदा कर दिया जिसके चलते हाल ही में गुरुग्राम में जॉब करने वाली कविता नामक एक लड़की ने अपनी फेसबुक पोस्ट में खुद को गाय बनाने की बात कह कर सभी को चौंका दिया।
आप सोच रहें होंगे कि लड़की ने गाय बनने को ही क्यों कहा, जबकि अन्य विकल्प भी थे, तो जरा आप गौर फरमाएंगे, तो पाएंगे की वर्तमान में गाय ही एक ऐसा प्राणी है जो समाज में सबसे ज्यादा सुरक्षित है। गाय की रक्षा के लिए हमारे देश में बहुत बड़ी संख्या में “गौ रक्षक” दिन रात पहरा देते हैं और जरा भी शक होने पर बरसात में आती बाढ़ और घनघोर सर्दी की परवाह न करते हुए घटना स्थल पर घटना घटने से पहले जा पहुंचते हैं। आपने गौ रक्षकों से संबंधित कई खबरें पढ़ी ही होंगी। देखा जाए तो बहुत ही कर्त्तव्यनिष्ठ होते हैं ये गौ रक्षक। किसी की क्या बिसात हैं जो इनके सामने गाय को छू भी दें, तो अब आप समझ ही गए होंगे कि लड़की ने खुद को गाय बनाने के लिए डॉक्टरों से क्यों गुहार लगाई है।
कविता ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि “देश तथा विदेश के सभी डॉक्टरों से मेरी विनती यह है कि मुझे गाय बना दिया जाए। मैं रोज रोज रेप की खबरें पढ़कर परेशान हो चुकी हूं। मेरे माता-पिता को मेरी हमेशा चिंता रहती है। कुछ दिन पहले गौ रक्षकों के बारे में टीवी पर देखा…अच्छा लगा कम से कम गायों को बचाने के लिए कोई तो है। मेरा अब मानना है कि समाज में गाय ही अब सबसे सुरक्षित प्राणी है इसलिए मुझे भी गाय बना दिया जाए, ताकि मेरे पेरेंट्स चैन की नींद सो पाएं।”
यह पोस्ट बहुत ज्यादा चर्चित हो गई है और मीडिया तक पहुंच गई है, इसलिए अब हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर जी ने अपने प्रदेश के सभी डॉक्टरों की खटखटाती बैठक ली है और उनको लड़की को गाय बनाने का फॉर्मूला खोजने का निर्देश दिया है। खट्टर जी का कहना है कि लड़कियों की सुरक्षा वाकई एक पेचीदा मामला है, इसलिए लड़की को गाय बनाने का फॉर्मूला अब खोजना ही पड़ेगा। इस खबर के आने के बाद में कई अन्य लड़कियों ने भी खुद को गाय बनाने की मांग पर जोर दिया है।
विशेष नोट- इस तरह के आलेख से हमारा उद्देश्य केवल आपका मनोरंजन करना है। इसमें मौजूद नाम और राजनीतिक पार्टियों कि छवि को धूमिल करना हमारा उद्देश्य नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here