आज का इतिहास- एक बड़ी पहेली बनी रही जेसिका की मौत

0
595

जेसिका लाल का नाम लेते ही आज भी लोगों को उनका हत्याकांड याद आ जाता है। लम्बे समय तक यह मामला काफी बड़ी अनसुलझी पहेली बना रहा। मॉडल जेसिका पर हुए हमले के बाद 30 अप्रैल 1999 को उसने दम तोड़ दिया था। लंबी जद्दोजहद के बाद इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता के बेटे मनु शर्मा को उम्र कैद की सजा दी गई, लेकिन फिर भी उसे मिलती रही सहूलियत पर सवाल उठते रहे। 2011 में जेसिका लाल मर्डर केस पर एक फिल्म भी बनाई गई ‘नो वन किल्ड जेसिका’।

आपको बता दें कि 29 अप्रैल 1999 की रात दिल्ली में महरौली के पास कोलोनेड के रेस्तरां में सामाजिक कार्यकर्ता बीना रमानी के द्वारा पार्टी दी गई थी, जिसमें कई नामी गिरामी लोग मौजूद थे। उन्हीं में एक कांग्रेस नेता विनोद शर्मा का पुत्र सुद्धार्थ (मनु शर्मा) भी अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। पार्टी का जश्न काफी जोर-शोर से चल रहा था। पार्टी में मनु शर्मा ने काफी शराब के प्याले खत्म कर रखे थे। इसी दौरान हुई कहासुनी में मनु शर्मा ने मॉडल जेसिका लाल पर अपनी पिस्टल से गोलियां बरसा दी। इसके बाद फौरन अपने दोस्तों के साथ मनु फरार हो गया। गंभीर हालत में जेसिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां 30 अप्रैल के दिन वो मौत की नींद सो गई।

jessicaImage Source :http://images.jagran.com/

जेसिका के मर्डर केस में इंसाफ का दौर लंबे समय तक चलता रहा। काफी समय तक यह केस एक अनसुलझी पहेली बना रहा, क्योंकि इसमें हत्यारा कोई आम आदमी नहीं बल्कि एक राजनेता का बेटा था। इस बीच सात साल तक  इस केस को चलाने के बाद फरवरी 2006 में सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया।

देशभर से उठी विरोध की आवाज-

इस हत्याकांड के आरोपी के इस तरह से बरी होने के बाद पूरा देश हिल गया। देशभर से विरोध की आवाज उठी। लोगों के विरोध और मीडिया से मिले सहयोग ने इस केस की फाइल को दोबारा खोलने के लिये मजबूर कर दिया। जिसके चलते यह केस फास्टट्रैक कोर्ट में चला गया और उसके बाद जेसिका के हत्यारे मनु शर्मा को उम्र कैद की सजा दे दी गई।

jessica11Image Source :http://www.livemint.com/

जेसिका के इस इसांफ को मिलने के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई,  लेकिन राजनीति से जुड़े लोगों के सामने आम आदमी की ताकत कमजोर हो जाती है। ऐसा ही इस केस में भी हुआ। आरोपी मनु समय-समय पर ‘फरलो’ पर जेल से बाहर आता रहा और इसी दौरान उसने मुंबई की एक लड़की से शादी भी कर ली, पर जेसिका की मौत का रहस्य अभी भी अनसुलझा सा है, जो देश के राजनेताओं से समय-समय पर सवाल करता आया है।

2011 में इस हत्याकांड पर बनी फिल्म ‘नो वन किल्ड जेसिका’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर काफी धूम मचाई थी। इस फिल्म में विद्या बालन ने बहुत ही दमदार भूमिका निभाई थी। वहीं यह बात भी ध्यान देने वाली है कि जेसिका कोई अकेली ऐसी लड़की नहीं थी जिसकी इस तरह की मौत ने कई सवाल और रहस्य खड़े किए। कहीं कोई राजनीति से जुड़ी हस्ती ऐसे मामलों से जुड़ी रही तो कहीं फिल्मी सितारे इस घेरे में आए। उदाहरण के तौर पर देखें तो फिल्म अभिनेत्री दिव्या भारती से लेकर जिया खान और प्रत्युषा की मौत भी एक रहस्य से भरी कहानी बनकर रह गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here